मंदसौर। जिले की नाहरगढ़ पुलिस ने अवैध वायदा कारोबार (MCX सट्टा) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपए नकद सहित कुल 11 लाख 42 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।
कार्यवाहक एएसआई कैलाश सिंह बधैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कचनारा और रुपनी के बीच योगी ढाबे के सामने आम रोड पर एक व्यक्ति अपनी कार में मोबाइल फोन के माध्यम से एमसीएक्स सट्टा चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पुष्कर पोरवाल पिता रमेशचंद्र पोरवाल, निवासी विश्निया, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपए नकद, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक सट्टा हिसाब-किताब रजिस्टर और हुंडई वेन्यू कार (क्रमांक MP09ZE0178) जब्त की है। जब्त की गई सभी वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 11 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नाहरगढ़ में धारा 4(क) पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।