चित्तौड़गढ़। आगामी त्योहारों को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस अलर्ट हो गई है। शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखने के उद्देश्य से जरूरी सभी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों, चौराहों एवं हाईवे पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सतर्कता पूर्वक क्षेत्र का भ्रमण कर आमजन में सुरक्षा की भावना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न किया गया।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान एवं महानिरीक्षक रेन्ज उदयपुर के आदेश व जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी एवं एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशानुसार वृत्त के थानो पर 15 व 16 अक्टूबर को डीएसपी चित्तौड़गढ़ विनय कुमार चौधरी, थानाधिकारी सदर चित्तौडगढ निरंजन प्रताप , थानाधिकारी कोतवाली चित्तौडगढ तुलसीराम द्वारा थाना कोतवाली चित्तौडगढ, थाना सदर चित्तौडगढ एवं पुलिस लाईन से पुलिस जाब्ता के साथ हाईवे रोड चित्तौडगढ-कोटा एवं उदयपुर-जयपुर रोड पर संचालित संदिग्ध होटल, ढाबो पर दबिश देकर बिना नम्बरी वाहनो व संदिग्ध लोगो को चौक कर सयुक्त रूप से कार्यवाही कर बुधवार को कुल 07 बिना नम्बरी वाहन एवं गुरुवार को कुल 09 बिना नम्बरी वाहनो को डिटेन किया तथा होटल, ढाबो स्वामियो संदिग्ध अपराधियों को शरण नही देने बाबत समझाईश की गई।
मॉनिटरिंग करते हुए डीएसपी विनय चौधरी ने थानाधिकारियों को रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग को रूटीन का हिस्सा बनाकर गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में सक्रियता बनाए रखने के लिए निर्देशित किया।