मंदसौर। सिवनी के हवाला कारोबारी से 2.96 करोड़ रुपए लूटने वाले पुलिसकर्मियों के मामले के बाद अब मंदसौर में वर्दी एक बार फिर दागदार हुई है। जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र में डोडाचूरा तस्करों से कथित रूप से रुपए लेकर उन्हें छोड़ने के आरोप में एसपी विनोद कुमार मीना ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है।

एसपी ने शामगढ़ टीआई धर्मेंद्र शिवहरे सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। निलंबित पुलिसकर्मियों में एसआई अविनाश सोनी, प्रधान आरक्षक दिलीप बघेल और आरक्षक मनीष पंवार शामिल हैं।

आरोप- एक आरोपी पर केस दर्ज, बाकियों को छोड़ा गया
कुछ दिन पूर्व शामगढ़ क्षेत्र में एक ब्रेज़ा कार से करीब एक क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ था। आरोप है कि टीआई ने खाटूश्याम कॉलोनी के कुछ तस्करों से 50 लाख रुपए की डील कर उन्हें छोड़ दिया, जबकि सिर्फ एक व्यक्ति को आरोपी बनाकर प्रकरण दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार यह सौदा एक सरपंच प्रतिनिधि के माध्यम से किया गया था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

तस्करी और खाकी का गठजोड़ पुराना-
मंदसौर जिले में डोडाचूरा तस्करी और पुलिस के गठजोड़ के मामले पहले भी उजागर हो चुके हैं। वर्ष 2023 में यह मुद्दा विधानसभा में भी उठा था, तब यह जानकारी सामने आई थी कि जिले में 22 पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार और तस्करी से जुड़ी 41 शिकायतें लंबित थीं। इनमें से कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और 35 से अधिक पुलिसकर्मी जांच के दायरे में हैं।
