नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत 348 नवीन आवासों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 144, निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए 144 और मध्यम आय वर्ग (एमईजी) के लिए 60 आवास स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही 33 व्यावसायिक भूखंडों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
2 करोड़ 16 लाख रुपये का अनुदान दिया-
कुल 39 करोड़ 26 लाख रुपये की इस योजना में केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा 2 करोड़ 16 लाख रुपये का अनुदान नगर पालिका परिषद नीमच को दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपावली नीमच के 348 परिवारों के लिए सचमुच “उजाला” लेकर आई है, क्योंकि आज 1800 से अधिक लोगों को अपने सपनों का पक्का घर मिला है।
मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से किया संवाद-
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअली नीमच की हितग्राही विमला सैनी, रंजीता मोर्य और अंगूरबाला राठौर से संवाद किया। विमला सैनी ने बताया कि वह पहले किराए के मकान में रहती थीं और मात्र 12 हजार रुपये मासिक आय में घर चलाना कठिन था। अब प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें अपना पक्का घर मिला है, जिससे परिवार में असीम खुशी है। रंजीता मोर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने वर्षों पुराना उनका सपना पूरा कर दिया है। वहीं अंगूरबाला राठौर ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह घर उनके परिवार के लिए दीपावली का सबसे बड़ा उपहार है।
मुख्यमंत्री ने नीमच की उपलब्धियों का किया उल्लेख-
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच के आध्यात्मिक, कृषि और औद्योगिक महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि भादवामाता मध्यप्रदेश की वैष्णो देवी हैं। नीमच का यह क्षेत्र आध्यात्मिक रूप से समृद्ध है और यहां के लोगों ने गोपालन, दुग्ध उत्पादन और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गांधी सागर परियोजना के माध्यम से जिले के हर खेत तक पानी पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
लाडली बहनों को देंगे उपहार-
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रुपये की राशि जमा कराई गई है और भाई दूज पर अतिरिक्त 250 रुपये जमा कराए जाएंगे। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि भी जल्द खातों में पहुंचाई जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा- गरीबों का सपना साकार हुआ
प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने वर्चुअल उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर गरीब परिवार को पक्का घर दिलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आज नीमच के 348 परिवारों को स्थायी आवास प्रदान कर इस संकल्प को साकार किया गया है।
सांसद एवं विधायकों ने दी शुभकामनाएं-
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार और मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। सभी ने प्रधानमंत्री आवास योजना को “गरीबों की सच्ची दीपावली” बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश पाटीदार ने किया। जबकि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने आभार व्यक्त किया।
अतिथियों ने सौंपी चाबियां, किया गृहप्रवेश-
अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकानों की चाबियां सौंपीं और फीता काटकर गृहप्रवेश करवाया। कार्यक्रम में 25 पंचायतों को स्वच्छता वाहन (ट्रैक्टर) भी प्रदान किए गए। शुभारंभ में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, उपाध्यक्ष रंजना करणसिंह परमाल, पूर्व नपा अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व उपाध्यक्ष महेंद्र भटनागर, पार्टी अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, पवन पाटीदार, आदित्य मालू, मोहन सिंह राणावत, दारासिंह, नीलेश पाटीदार, संतोष चौपड़ा, हेमंत हरित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।