पिपलियामंडी। दीपावली पर्व को लेकर शनिवार को नगर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर मुख्य बाजारों में दीपावली की खरीदारी को लेकर रौनक बनी रही। दुकानों पर मिठाइयों, सजावट सामग्री, परिधानों, दीपों और उपहारों की खरीददारी जोरों पर रही।
त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, चौकी प्रभारी धर्मेश यादव, नगर परिषद सीएमओ प्रवीण सेन, एनपीबी एई एन.के. प्रजापति सहित पुलिस बल, नगर परिषद कर्मचारी और विद्युत मंडल के अधिकारी नगर के मुख्य मार्गों पर पैदल भ्रमण पर निकले।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सफाई और विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रही। नगर में दीपावली की तैयारियों और उत्सव का उल्लास चारों ओर झलकता दिखा सड़कों पर सजी झालरों की रोशनी और खरीदारों की भीड़ ने पूरे पिपलियामंडी को त्योहारी रंग में रंग दिया।