पिपलियामंडी। दीपावली पर्व के पूर्व मावे में मिलावट की सूचना पर प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर की मिठाई दुकानों और कच्ची घाणी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों से मावा और मिठाई के नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इन नमूनों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मावे या मिठाई में किसी भी प्रकार की मिलावट या अशुद्धता पाई गई तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई नायब तहसीलदार रवि पटेल, जिला मुख्यालय से पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्यामसिंह रावत एवं धीरेंद्र सिंह जादौन, सहित राजस्व अमले की मौजूदगी में की गई। नायब तहसीलदार रवि पटेल ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए आगामी दिनों में भी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की जांच और निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।