नीमच। दीपावली पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। त्यौहारों को लेकर आयोजित बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्रभावी और सशक्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
18 अक्टूबर 2025 को दीपावली पर्व के दृष्टिगत, एस.पी. अंकित जायसवाल ने शहर के मुख्य बाजारों में तैनात पुलिस बल की ब्रिफिंग ली। इस दौरान पुलिसकर्मियों को त्यौहारों के दौरान मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और आमजन से सद्भावपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
ब्रिफिंग के बाद एस.पी. अंकित जायसवाल ने नीमच शहर के मुख्य बाजारों और क्रमांक-2 स्कूल मैदान में लगे फटाखा मार्केट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल को ट्रैफिक डायवर्जन, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनाती, फटाखा विक्रेताओं द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन, आग से सुरक्षा के उपाय, शहरी क्षेत्रों में वाहनों की अस्थायी एंट्री प्रतिबंध, पैदल आवागमन सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक विरेन्द्र झा, थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अमित सारस्वत, निरीक्षक सौरभ शर्मा और निरीक्षक आर.एस. डांगी उपस्थित रहे।
नीमच पुलिस की अपील-
नीमच पुलिस आमजन से अपील करती है कि दीपावली और आगामी पर्वों को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाएँ। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नीमच या नजदीकी पुलिस थाने पर दें।