नीमच। धनतेरस के पावन अवसर पर शनिवार को नीमच के बाजारों में खरीदारी का उत्साह अपने चरम पर नजर आया। सुबह से ही मुख्य बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी और दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। दीयों की रोशनी, सजावटी सामानों की चमक और खरीददारों के उत्साह ने पूरे शहर को त्यौहार की सुनहरी चादर में लपेट दिया।
शहरवासियों ने शुभ मुहूर्त में विशेष खरीदारी की। मुख्य मार्गों पर सजावटी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। दीये, खील-पताशे, रंगोली, पूजा सामग्री और अन्य साज-सज्जा के सामानों की बिक्री में काफी तेजी रही।
सजावटी सामानों के अलावा ऑटोमोबाइल, बर्तन, रेडीमेड गारमेंट्स, मिठाई और मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में भी ग्राहकों का हुजूम देखा गया। बर्तन बाजार में तांबा, पीतल और स्टील के बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई, जबकि ऑटोमोबाइल शोरूम में टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों की बुकिंग अपेक्षानुसार रही।
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते सराफा बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही रही। हालांकि, कुछ व्यापारियों का कहना था कि इस साल ग्राहकी पिछले साल की तुलना में थोड़ी कम रही, जबकि चांदी की कीमतों में गिरावट ने भी इसके असर डाला। कई दुकानों पर चांदी के सिक्कों और पूजा सामग्री की काफी मांग रही।
व्यापारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन की यह शुरुआत शानदार रही। कई व्यापारियों ने इसे पिछले कुछ वर्षों में सबसे बेहतर धनतेरस बताया, जबकि कुछ ने औसत बताया। भारी भीड़ के कारण कई मार्गों पर जाम जैसी स्थिति बनी। शहर पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात अमले ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए। कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही सुगम बनाने की कोशिश की गई। दीयों की रोशनी और रंगीन लाइटों से सजे बाजार तथा ग्राहकों की चहक ने शहर का हर कोना त्योहार की रौनक में सराबोर कर दिया।