भोपाल। मालवा अंचल के किसानों के लिए फसलों को नुकसान पहुँचाने वाले काले हिरण और नीलगाय अब वन विभाग के विशेष अभियान के तहत पकड़े जाएंगे। इन वन्यजीवों को नियंत्रित करने के लिए दक्षिण अफ्रीका से 15 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम शुक्रवार को भोपाल पहुँची है।
यह टीम 15 अक्टूबर से शाजापुर जिले के कालापीपल क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के माध्यम से “हांका अभियान” शुरू करेगी, जो 5 नवंबर तक चलेगा। अभियान के तहत पकड़े गए वन्यजीवों को मंदसौर जिले स्थित गांधीसागर अभयारण्य में स्थानांतरित किया जाएगा।
वन विभाग ने इस अभियान के लिए एक रॉबिन्सन हेलीकॉप्टर किराए पर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो इसे पूरे मध्यप्रदेश में लागू किया जाएगा।
यह पहल किसानों की फसलों को वन्यजीवों से होने वाले नुकसान से बचाने के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।