नीमच। दीपोत्सव की आहट के साथ ही शनिवार को धनतेरस और रविवार को रूप चतुर्दशी के अवसर पर नीमच के बाजारों में रौनक अपने चरम पर रही। सुबह से ही प्रमुख मार्गों और बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दीयों की चमक, सजावट की रोशनी और खरीददारों के उत्साह ने पूरे शहर को उत्सव की चादर में लपेट दिया।
लोगों ने शुभ मुहूर्त में जमकर की खरीदी-
मुख्य बाजारों में सजी दुकानों पर लोगों ने शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी की। सबसे अधिक भीड़ दीयों, खीली-पताशे, रंगोली, पूजा सामग्री और साज-सज्जा के सामानों की दुकानों पर रही। वहीं सराफा बाजार, बर्तन बाजार, ऑटोमोबाइल, गारमेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी ग्राहकों का तांता लगा रहा।
सुबह से देर रात तक चला सिलसिला-
धनतेरस पर सुबह से देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। ग्राहकों ने सोना-चांदी की परंपरागत खरीदारी के साथ-साथ वाहन, बर्तन, परिधान, मिठाई और इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की भी बड़ी मात्रा में खरीदी की। शहर के मुख्य मार्गों पर दुकानों की आकर्षक साज-सज्जा और रोशनी ने दीपोत्सव की उमंग को और बढ़ा दिया।
व्यापारियों के चेहरे खिले, कारोबार में उछाल-
धनतेरस के मौके पर व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष का कारोबार बीते वर्षों की तुलना में बेहतर रहा। ऑटोमोबाइल व्यवसाय लगभग 25 से 34 करोड़ तक का रहा। वहीं सराफा व्यवसाय 3 से 4 करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसाय- लगभग 1 करोड़, बर्तन बाजार लगभग 40 लाख सहित अन्य व्यवसाय 2 से 4 करोड़ के बीच रहा।
चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव से ग्राहकी पर असर-
ऑटोमोबाइल शोरूमों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग में विशेष वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बर्तन बाजार में तांबे, पीतल और स्टील के बर्तनों की खूब बिक्री हुई। सराफा बाजार में ग्राहकों ने चांदी के सिक्के, आभूषण और पूजा सामग्री खरीदी। हालांकि कुछ व्यापारियों का कहना था कि इस वर्ष चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव से ग्राहकी पर कुछ असर पड़ा।
शहर में यातायात व्यवस्था पर रहा दबाव-
भारी भीड़ के चलते कई प्रमुख मार्गों पर जाम जैसी स्थिति भी बनी। शहर पुलिस और ट्रैफिक अमले ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
पटाखा बाजार में रौनक, बच्चों में उत्साह-
दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच शहर का पारंपरिक पटाखा बाजार इस वर्ष भी पूरी रौनक के साथ सजा हुआ है। शहर के क्रमांक 2 शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे पटाखा बाजार में शनिवार को ग्राहकों की भारी भीड़ रही। नगर पालिका नीमच द्वारा 107 फुटकर पटाखा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। दुकानों की व्यवस्था तीन पंक्तियों में की गई है, प्रत्येक दुकान के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से बचा जा सके। सुरक्षा को लेकर फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर और अन्य आवश्यक संसाधन मौके पर उपलब्ध कराए गए हैं। व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों पर अग्निशमन यंत्र रखे हैं।
शहर में दीपोत्सव का उल्लास हर कोने में-
पटाखा बाजार के साथ-साथ शहर के अन्य बाजारों में भी दीपावली की तैयारियाँ चरम पर हैं। मिठाइयों की दुकानों से लेकर सजावटी सामान की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दीपावली की रोशनी, रंगीन लाइटों और सजे हुए बाजारों ने पूरे शहर को आलोकित कर दिया। नगर पालिका द्वारा जारी अनुमति अनुसार पटाखा बाजार 23 अक्टूबर तक संचालित रहेगा। प्रशासन और व्यापारी वर्ग दोनों ही दीपावली पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और उल्लासपूर्ण बनाने में जुटे हैं।