नीमच। रोशनी के महापर्व दीपावली के दूसरे दिन, जब शहरवासी अपने घरों में उत्सव मना रहे थे, वहीं नीमच नगर पालिका ने एक सराहनीय पहल करते हुए ‘स्वच्छता की दिवाली’ अभियान चलाया। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में नपा की पूरी टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर झाड़ू उठाकर सफाई की और अनुकरणीय उदाहरण पेश किया।
दीपावली के बाद सड़कों पर फैले कचरे और गंदगी को दूर करने के उद्देश्य से यह विशेष सफाई अभियान चलाया गया। टैगोर मार्ग सहित शहर के अन्य मुख्य मार्गों पर सफाई मित्रों ने जोश और उत्साह के साथ झाड़ू लगाई तथा कचरा एकत्रित कर शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
अभियान के दौरान नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सीएमओ दुर्गा बामनिया, नगर पालिका अधिकारी कन्हैयालाल शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर स्वच्छता के नायकों-सफाई मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। यह सम्मान उनके अथक परिश्रम और शहर को स्वच्छ रखने के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा।
इस मौके पर नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से प्लास्टिक थैलियों के उपयोग से बचने की सलाह दी और कहा कि स्वच्छता ही सच्ची दिवाली है।