मनासा। तहसील क्षेत्र के गांव बनी में पिछले छह माह से पांच घरों के नल सूखे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं को रोजाना सिर पर मटके रखकर दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत में शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। जब सरपंच विजय पाटीदार से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा आप निजी पैसे से पाइप लगाकर इस लाइन से जोड़ लें, तब पानी चालू होगा।
सरपंच के इस बयान से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पंचायत की लापरवाही के कारण आमजन त्रस्त हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।