मंदसौर। जिले के शामगढ़ स्थित गुर्जर मोहल्ले में सोमवार देर रात एक बाड़े में अचानक आग लग गई। घटना डोनी पोलो उद्योग के पास रात करीब 11रू30 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटाखों की चिंगारी गिरने से बाड़े में रखे पशु चारे और कबाड़नुमा सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही मोहल्लेवासी घरों से बाहर निकल आए और प्रारंभिक रूप से आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
फायर कर्मियों ने आशंका जताई है कि पटाखों की चिंगारी से आग लगी। वहीं, स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से पटाखों के अनियंत्रित उपयोग पर नियंत्रण लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।