नीमच। सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर नीमच के तत्वावधान में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन त्रिगंजा पार्क स्थित शहीद स्मारक स्थल पर किया गया। इस अवसर पर आरटीसी केरिपुबल नीमच के उप महानिरीक्षक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनमोल सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री सूद ने अपने संबोधन में 21 अक्टूबर 1959 की ऐतिहासिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों ने शौर्य और बलिदान का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सीमा की रक्षा की।
उन्होंने बताया कि इन वीर जवानों की याद में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, ताकि उनके साहस और देशभक्ति से नई पीढ़ी प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और अर्द्धसैनिक बलों के सितंबर 2024 से अगस्त 2025 के बीच कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। पुलिस बैंड द्वारा “तेरी मिट्टी में मिल जावां” और “वतन की राह में वतन के नौजवां शहीद हो” जैसे देशभक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में ग्रुप सेंटर कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू, आरटीसी कमांडेंट छोटन ठाकुर, सीटीसी कमांडेंट जितेंद्र कुमार गुप्ता, प्रथम बटालियन कमांडेंट विजय कुमार, उप कमांडेंट देवेंद्र सिंह नेगी सहित सभी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के अमर बलिदान को शत्-शत् नमन किया।