मंदसौर। बुधवार देर रात संजीत नाका क्षेत्र में एक युवक पुलिया के नीचे गंभीर घायल अवस्था में पाया गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और चीता-5 टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
आरक्षक देवेंद्र लबाना और पायलट अविनाश ने बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही बीट भ्रमण पर ड्यूटी कर रहे उपनिरीक्षक गोपाल परिहार, चालक पुष्कर जटिया, आरक्षक अर्जुन पाटीदार और आरक्षक मुकेश धाकड़ ने मिलकर युवक को एंबुलेंस से मंदसौर जिला अस्पताल भेजा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया। घायल की पहचान दीपक, पुत्र अजीत कुमार जैन, निवासी साखतली, तहसील अरनोद, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि युवक अनियंत्रित होकर पुलिया से गिर गया। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।