मनासा। गुरुवार दोपहर लगभग 2 बजे मनासा जनपद पंचायत परिसर में रखे प्लास्टिक पाइपों में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया। नगर परिषद की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जनपद परिसर में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पाइप रखे हुए थे। दोपहर में अचानक इनमें आग भड़क उठी और कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर फाइटर की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना-
सौभाग्य से, जनपद परिसर में ही फायर फाइटर वाहन और कर्मी मौजूद थे। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पानी की बौछार शुरू की और नगर परिषद की दमकल टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पा लिया। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए मूल्य के पाइप जलकर नष्ट हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे-
घटना की सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस ने जनपद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आगजनी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।