नीमच। पुलिस थाना बघाना को चोरी के एक प्रकरण में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी गया लाखों रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

मामले में फरियादी जाकिर पिता मोहम्मद निसार मसूदी, निवासी रहीमगंज मोहल्ला, नीमच कैंट की रिपोर्ट पर थाना बघाना में अपराध क्रमांक 333/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। फरियादी ने बताया था कि ग्राम झांझरवाड़ा स्थित एनएस इंडस्ट्री से अज्ञात चोरों ने गेहूं की छलनी बनाने की डाई 5 नग, आटा छानने की डाई सेट 1 नग, लोहे का पासा 1 नग और कलर कंप्रेसर सहित करीब ₹2.50 लाख का माल चोरी कर लिया था।

तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदेही मंगल पिता बापूलाल मेघवाल (21 वर्ष), निवासी बाग पिपलिया थाना बघाना को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथी जावेद (निवासी बाग पिपलिया) के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने चोरी गया समस्त माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। सहआरोपी जावेद अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, प्रधान आरक्षक मोनवीर, आरक्षक ओमप्रकाश पारगी, आरक्षक पंकज पाटीदार, आरक्षक राहुल डाबी और चालक नेपाल की सराहनीय भूमिका रही।