नीमच। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को बारादरी स्थित उपकार चाट नाश्ता प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के पाँच नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे। टीम को शिकायत प्राप्त हुई थी कि उक्त प्रतिष्ठान पर खाद्य पदार्थों को बिना ढंके विक्रय किया जा रहा है। निरीक्षण में यह शिकायत सत्य पाई गई, साथ ही अन्य अनियमितताएँ भी पाई गईं।
इन कमियों पर विभाग द्वारा फर्म के प्रोप्राइटर को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है। मौके पर टीम ने इमरती, वनस्पति, पानी पतासे का पानी, रिफाइंड सोयाबीन तेल और गुलाब जामुन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।