नीमच। 25वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप 2025 का आयोजन हैदराबाद में 15 से 18 नवंबर तक होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच के खिलाड़ी भव्यादित्य चंद्रपाल सिंह राठौड़ का चयन ग्वालियर में आयोजित टाइम-ट्रायल आधारित चयन प्रक्रिया में हुआ है। भव्यादित्य नीमच जिले के पहले पैरा स्विमर हैं, जो राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह पूरे जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि “भव्यादित्य में अद्भुत क्षमता है और उनकी मेहनत अवश्य ही उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।
कोच आयुष गौड़, सुधा सोलंकी, नीलेश घावरी, अभिषेक अहीर और रोहित अहीर ने कहा कि भव्यादित्य का चयन उनके कठोर अभ्यास, अनुशासन और निरंतर समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि पूरे नीमच जिले को गौरवान्वित करने वाला क्षण है। स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नगरपालिका स्टाफ, पूल स्टाफ और अभिभावकों ने भव्यादित्य को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें हैदराबाद के लिए रवाना किया। भव्यादित्य के चयन ने सिद्ध किया है कि नीमच के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराने में पूरी तरह सक्षम हैं।