नीमच। उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अंतर्गत जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को शासकीय कॉलेज जीरन में किया गया। प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज नीमच, जाजू कॉलेज नीमच, मनासा कॉलेज तथा जीरन कॉलेज की टीमों ने सहभागिता की।
पुरुष वर्ग में पहला मैच मनासा कॉलेज और पीजी कॉलेज नीमच के बीच खेला गया, जिसमें कड़े मुकाबले में पीजी कॉलेज नीमच ने 14-13 अंकों से जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबला पूर्व विजेता जीरन कॉलेज और पीजी कॉलेज नीमच के बीच हुआ, जिसमें 16-14 अंकों से जीरन कॉलेज ने विजय प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग में प्रथम मैच जाजू कॉलेज नीमच और पीजी कॉलेज नीमच के बीच खेला गया, जिसमें पीजी कॉलेज नीमच ने 12-4 अंकों से जीत हासिल की। महिला वर्ग का फाइनल पीजी कॉलेज नीमच और जीरन कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें रोमांचक मुकाबले में पीजी कॉलेज नीमच ने 11-10 अंकों से विजय प्राप्त की।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु मदन गुर्जर, रमेश मेहता, बाबूलाल जैन, पार्षद दिलीप सुधार, नगर टीआई उमेश यादव और सीएमओ डाबर उपस्थित रहे। वहीं जिले से आए क्रीड़ाधिकारी संजीव थोरेचा, डॉ. महेंद्र राव, जगदीश विजयवर्गीय, डॉ. गोपाल तिवारी, मयूर सैनी और डॉ. अंकेश सुराह का कॉलेज प्राचार्य दीपा कुमावत, क्रीड़ा प्रभारी आशीष सोनी एवं दिनेश सैनी ने स्वागत किया।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित टीमें उज्जैन एवं रतलाम में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय स्पर्धा में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।