नीमच। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी निवासी गोरधन सिंह पर दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में सोमवार को नया मोड़ आया, जब करणी सेना प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और परिजनों के साथ सीबीएन (CBN) कार्यालय नीमच पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।

जीवन सिंह शेरपुर ने अधिकारियों को बताया कि गोरधन सिंह “षड्यंत्रपूर्वक फंसाया गया है” तथा उनका न तो कोई आपराधिक रिकॉर्ड है और न ही किसी तरह की तस्करी गतिविधि से संबंध। उन्होंने इस कार्रवाई को “पक्षपातपूर्ण और मनमानी” बताते हुए जांच में न्यायसंगत दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भी ज्ञापन सौंपकर बताया था कि गोरधन सिंह एक साधारण मजदूर है, जो गिट्टी-मोरम सप्लाई कर परिवार का भरण-पोषण करता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ ही उसका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है।

CBN कार्यालय पर करणी सेना ने स्पष्ट रूप से कहा कि मामले की जांच में तथ्यात्मक एवं वैज्ञानिक विधि अपनाई जाए। अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया में लगभग डेढ़ माह का समय लग सकता है।

शेरपुर ने आग्रह किया कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर गोरधन सिंह को न्याय दिलाया जाए। इस दौरान गोरधन सिंह के परिजन, समाजजन और करणी सेना के अनेक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
