नीमच। नीमच जिला टैक्वांडो संघ द्वारा आयोजित बेल्ट परीक्षा में जिले के 42 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न बेल्ट श्रेणियों में सफलता प्राप्त की। परीक्षा का प्रारंभ 9 नवम्बर को होटल राज पैलेस से फिटनेस रन के साथ हुआ, जबकि इसका समापन 30 नवम्बर को चित्तौड़गढ़ किले पर आयोजित लिखित और मौखिक परीक्षा के साथ हुआ।
परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों ने ड्रिल, स्टैमिना टेस्ट, टेक्निकल परीक्षा, ब्लॉक, पंच, किक और पुमसे जैसे सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टेक्निकल परीक्षा का संचालन मध्यप्रदेश टैक्वांडो संघ से आए प्रशिक्षकों नीलेश सैनी और विशाल सिंह द्वारा किया गया। खिलाड़ियों ने प्री-येलो, येलो, ग्रीन तथा ग्रीन-वन/ब्लू बेल्ट सहित सभी श्रेणियों में सफलता हासिल की।
बेल्ट परीक्षा का आयोजन जिला सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक जयप्रकाश लोधा के निर्देशन में कोच अभिषेक विक्की बेरागी, महेश नायक, सूरज कच्छवा और भूमिका गोयल की देखरेख में किया गया।