नीमच। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने शनिवार को परियोजना जावद एवं नीमच ग्रामीण क्षेत्र के कुल 7 आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर संबंधित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को आवश्यक निर्देश दिए गए।
परियोजना जावद के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र नयागांव क्रमांक 01, 02, 04 और 05 में बच्चों की उपस्थिति कम पाए जाने पर कार्यकर्ताओं को उपस्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही नाश्ता एवं भोजन की गुणवत्ता सुधारने हेतु स्व-सहायता समूह को आवश्यक निर्देशित किया गया।
परियोजना नीमच ग्रामीण के आंगनवाड़ी केंद्र चैनपुरा खदान में निरीक्षण के समय एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था, साथ ही सहायिका भी निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिली। इस लापरवाही पर कार्यक्रम अधिकारी ने सहायिका का मानदेय कटौती के आदेश दिए और कार्यकर्ता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र बामन बर्डी क्रमांक 01 में कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों उपस्थित रही और बच्चे भोजन करते पाए गए। वहीं क्रमांक 02 बामन बर्डी में सहायिका यूनिफॉर्म में नहीं मिली तथा बच्चों की उपस्थिति भी कम थी, जिस पर चेतावनी जारी की जा रही है। किचन शेड का अवलोकन कर रसोइयों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी 7 केंद्रों पर बच्चों की नियमित उपस्थिति, ईसीसीई गतिविधियों पर विशेष ध्यान, तथा केंद्रों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, शिशु गृह नीमच के आकस्मिक निरीक्षण में 3 बच्चे आश्रयरत पाए गए। बच्चों से संवाद किया गया। व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा रिकॉर्ड भी अद्यतन मिला।