रामपुरा। शनिवार सुबह नगर की दो प्रतिष्ठित हस्तियां अंजुमन इस्लाम जमात के पूर्व सदर आबिद अली सैयद तथा शेख जाहिद भाई उमराह और कर्बला की मुक़द्दस यात्रा पर रवाना हुईं। सुबह 9 बजे नगर में बैंड-बाजों की मनमोहक धुन के साथ एक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और समाजजनों ने भाग लिया।
जुलूस रामपुरा बस स्टैंड से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकला, जहां जगह-जगह यात्रियों का फूल-मालाओं, मिठाई और आत्मीयता से स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र जागीरदार सहित पार्षदगण और समाजजन भी उपस्थित रहे तथा यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि आबिद अली सैयद, जो जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं, तथा शेख जाहिद भाई अपनी पत्नियों के साथ एक माह की उमराह एवं कर्बला यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। जुलूस के बाद दोनों यात्री रामपुरा से रतलाम के लिए प्रस्थान कर गए, जहां से वे रात्रि में मुंबई के लिए ट्रेन से रवाना होंगे। मुंबई से 9 दिसंबर को फ्लाइट द्वारा कर्बला एवं मक्का-मदीना की यात्रा प्रारंभ करेंगे।
नगरवासियों, ईष्ट-मित्रों और परिजनों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा को मंगलमय होने की कामना की।