मंदसौर। शहर के गोल चौराहा क्षेत्र में स्थित राधा कृष्ण मेडिकल स्टोर में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। बताया गया कि मेडिकल संचालक पंकज पाटीदार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर पहुंचे थे, जिसके कुछ ही समय बाद आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय रहवासियों ने दुकान से धुआँ और लपटें उठते देख तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर की। दमकल दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर में मेडिकल स्टोर की अधिकांश दवाइयाँ जलकर खाक हो गईं। संचालक के मुताबिक इस हादसे में करीब 5 लाख रुपए के नुकसान की संभावना है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।