मंदसौर/मनासा। रोटरी क्लब मंदसौर द्वारा रोटरी मंडल 3040 की नॉर्थ क्लस्टर चौपाल का आयोजन गाड़गिल सागर, मल्हारगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के गवर्नर, असिस्टेंट गवर्नर, रीजनल कोऑर्डिनेटर सहित 10 रोटरी क्लब अध्यक्षों एवं करीब 400 सदस्यों ने सहभागिता की।
इस भव्य चौपाल में रोटरी क्लब मनासा की ओर से देहदान की घोषणा की गई, जिसमें उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री हितेष जोशी “साहित्य” ने देहदान का संकल्प घोषित किया। मानव कल्याण के प्रति जीवनोपरांत भी समर्पित इस प्रेरणादायी संकल्प के लिए रोटरी क्लब के गवर्नर द्वारा श्री जोशी को शॉल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रोटरी क्लब मनासा के वरिष्ठ सदस्य एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सुरेश पाटीदार को उनके उत्कृष्ट कार्यों व पुस्तक लेखन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं क्लब द्वारा चिकित्सा उपकरण बैंक, रक्तदान शिविर, देहदान प्रेरणा, दिव्यांगजन सेवा, निःशुल्क शैक्षणिक सहायता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न सेवाप्रकल्पों के सफल संचालन के लिए क्लब अध्यक्ष श्री निरंजन बसेर को भी अभिनंदन पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मानव सेवा के प्रति रोटरी क्लब मनासा द्वारा किए जा रहे सभी उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्यों की सराहना की गई। इस गरिमामय कार्यक्रम में रोटरी क्लब मनासा के सदस्यों ने सपरिवार उपस्थिति दर्ज कर उल्लेखनीय सहभागिता दी।