नीमच। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के निवासी आशीष गलगले ने समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से 5800 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा शुरू की है। 54 जिलों में जनजागरण कर रहे आशीष बुधवार को नीमच पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय गणमान्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
4700 किलोमीटर का सफर पूरा
आशीष अब तक लगभग 4700 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘कुपोषण से मुक्ति’, ‘नशा मुक्त समाज’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर लोगों को जागरूक करना है।
अशोकनगर कलेक्टर से मिली प्रेरणा
आशीष ने बताया कि उन्हें इस प्रेरणादायक यात्रा का विचार अशोकनगर के कलेक्टर से मिला। नीमच पहुंचने पर राजेश गुजेटिया (निर्वाचन विभाग), अजय पवार (कलेक्टर कार्यालय), रतन डोरिया (नगरपालिका रिटायर्ड), अशोक बेन, सूरजमल आर्य (मप्रईबी विभाग) सहित कई गणमान्य नागरिकों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया।
नीमच के स्लोगन से हुए प्रभावित
आशीष ने कहा कि उन्हें नीमच का स्लोगन “हमारा शहर, मेरी जिम्मेदारी” बेहद पसंद आया। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो समाज और देश दोनों तेजी से आगे बढ़ सकते हैं। आशीष गलगले की यह साइकिल यात्रा अपने अंतिम चरण में है और समाज में जागरूकता का एक प्रेरक उदाहरण बन चुकी है।