मनासा। कुकड़ेश्वर रोड से भाटखेड़ी के नए बने बायपास मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भूसा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई, जबकि ट्रैक्टर आधा हवा में लटका रह गया। हादसा देखने वालों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए समय रहते छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। आशंका जताई जा रही है कि सामने से आ रहे किसी वाहन से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके चलते ट्रॉली सीधी खाई में जा गिरी और ट्रैक्टर खतरनाक स्थिति में अटक गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा करने की कोशिशें शुरू कर दीं।
