गरोठ/शामगढ़। क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी को लेकर किसानों का गुस्सा शनिवार को उफ़ान पर पहुँच गया। कई दिनों से लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं मिलने से नाराज़ किसानों ने शामगढ़-गरोठ रोड पर चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
किसानों का आरोप था कि स्थानीय किसानों को नज़रअंदाज़ कर बाहर के किसानों को यूरिया दिया जा रहा है तथा वितरण में मनमानी और पक्षपात किया जा रहा है। अव्यवस्थित वितरण व्यवस्था से किसानों में भारी असंतोष व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
किसानों के बुलावे पर कांग्रेस नेता जगदीश मेहता, विजय मुजावदिया और टाइगर फोर्स के राजेश विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी बंशीलाल रारोतीया ने आश्वासन दिया कि सोमवार से यूरिया का नियमित और पारदर्शी वितरण शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद किसानों ने जाम समाप्त किया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।