मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ रोड पर डीगांव माली गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक टाटा सफारी कार अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी। कार सीतामऊ से मंदसौर की ओर आ रही थी। हादसे के समय वाहन में केवल ड्राइवर मौजूद था, जिसे हाथ में चोट आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जहां दुर्घटना हुई, वहां नाले पर बनी पुलिया काफी संकरी है और मोड़ पूरी तरह से अंधा है। इसी कारण इस स्थान पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई वाहन पहले भी फिसलकर नीचे गिर चुके हैं।
क्रेन बुलाकर कार को बाहर निकाला गया-
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने क्रेन की सहायता से कार को नाले से बाहर निकलवाने का कार्य प्रारंभ किया। कार को क्रेन की मदद से उठाकर सड़क तक लाने की प्रक्रिया जारी रही।
ग्रामीणों ने कहा- स्थायी समाधान जरूरी
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की चौड़ाई कम होने और अंधा मोड़ होने के कारण यह क्षेत्र लगातार दुर्घटना-प्रभावित बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यहां पुलिया का चौड़ीकरण, संकेतक बोर्ड और मोड़ पर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।