सरवानिया महाराज। नगर में लोक देवता श्री देवनारायण भगवान के जीवन प्रसंगों पर आधारित सात दिवसीय कथा का शुभारंभ आज शनिवार से श्री जोडेश्वर श्याम मंदिर परिसर में होगा। कथा आयोजन के दौरान एक दिवस न्याय के देवता श्री शनि महाराज की कथा का वाचन भी किया जाएगा।
मंदिर समिति से जुड़े चंपालाल धनगर एवं पंकज धनगर ने बताया कि कथा प्रवक्ता सत्यनारायण धनगर के मुखारविंद से लोक देवता श्री देवनारायण भगवान के जन्म एवं जीवन से जुड़े प्रसंगों का संगीतमय वाचन होगा। हनुमंतिया के शिव शक्ति म्यूजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत धुनों पर श्रद्धालुओं को कथा श्रवण का अवसर मिलेगा। कथा का वाचन प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा। आयोजन श्री जोडेश्वर श्याम मंदिर विकास समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों के तत्वावधान में संपन्न होगा।
तैयारियां पूर्ण-
श्री जोडेश्वर श्याम मंदिर, उपरेड़ा रोड, शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पीछे स्थित बड़ी रुंडी पर कथा आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यहां टेंट-पांडाल, बिजली, साफ-सफाई तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। कथा का समापन 19 दिसंबर 2025 को होगा।
आस्था का प्रमुख केंद्र-
श्री जोडेश्वर श्याम मंदिर नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां पूजा-अर्चना करने से पशुधन को रोग-दोष से मुक्ति मिलती है। श्रद्धालु शनिवार को दूध व नारियल अर्पित कर मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं तथा मवेशियों की परिक्रमा कराते हैं।
मनोरंजन की भी व्यवस्था-
सात दिवसीय कथा आयोजन के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले व चकरी भी लगाए गए हैं। इससे धर्म आराधना के साथ-साथ परिवार सहित मनोरंजन का भी अवसर मिलेगा।