गरोठ। भानपुरा पीठ के शंकराचार्य पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी तीर्थ ने अपनी एवं अपने शिष्य की जान को खतरा बताते हुए सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी तथा उनके शिष्य की कभी भी हत्या की जा सकती है। यह आरोप उन्होंने भानपुरा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान लगाए।
स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ ने कहा कि उनके विरुद्ध लगातार साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार एवं प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शंकराचार्य मठ की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक को आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रेस वार्ता में शंकराचार्य जी ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। उन्होंने भानपुरा न्यायालय में स्वयं उपस्थित होकर अधिवक्ता महेश भटनागर के माध्यम से मठ की भूमि से संबंधित वाद प्रस्तुत किया है।
स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि उन्हें एवं उनके शिष्य को तत्काल पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि निष्पक्ष सत्य सामने आ सके।