गरोठ। कोटडाबुजुर्ग स्थित सीएम राइज स्कूल के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं को शनिवार को राजस्थान के झालावाड़ जिले में स्थित ऐतिहासिक गागरोन किले का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
यह भ्रमण विद्यालय के 10 शिक्षकों की देखरेख में आयोजित किया गया, जिसमें दो बसों से विद्यार्थियों ने सहभागिता की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को गागरोन किले से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों एवं पुरातात्विक महत्व की जानकारी दी गई, जिससे उन्हें इतिहास को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आनंद लिया और समूह गतिविधियों के माध्यम से आपसी सहयोग एवं अनुशासन का अनुभव भी प्राप्त किया। भ्रमण के उपरांत सामूहिक भोजन किया गया, जिसके बाद सभी विद्यार्थी सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य लौटे।
विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम राठौर ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं। इससे बच्चों को नए वातावरण, संस्कृतियों एवं परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलता है, उनकी रचनात्मकता बढ़ती है तथा वे स्वतंत्र एवं सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। साथ ही प्रकृति एवं ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न होती है।