चित्तौड़गढ़। भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही एक कार शनिवार तड़के गंगरार टोल प्लाजा पार करने के बाद हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार हल्के मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई, जिसके बाद वह चार बार पलटी खा गई। हादसे में कार के शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कार में सवार चार लोगों को बाहर निकाला। सभी को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड बताया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार बाड़मेर पासिंग बताई जा रही है, जिसे सड़क किनारे खड़ा किया गया है।
