नीमच। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय जीरन द्वारा “कॉलेज चलो अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिक्षेत्र के विद्यालयों शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन एवं ज्ञानसरोवर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन का भ्रमण किया गया।
इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व, महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महाविद्यालय की टीम ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करते हुए शैक्षणिक सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, खेल संसाधनों, नई शिक्षा नीति 2020, बहुविषयक शिक्षा प्रणाली, क्रेडिट बैंक, कौशल आधारित पाठ्यक्रमों तथा ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
साथ ही विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित गांव की बेटी, मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं तथा आर्थिक सहायता के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
शासकीय महाविद्यालय जीरन की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपा कुमावत ने बताया कि यह अभियान प्रदेश में उच्च शिक्षा का प्रतिशत बढ़ाने के साथ ही ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़कर सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं कॉलेज चलो अभियान के नोडल अधिकारी गजेन्द्र आर्य ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा हेतु आगे आने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।