नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सूबेदार सुरेश सिसोदिया, एएसआई बृजेश परिहार, प्रधान आरक्षक सुभाष परमार व दिनेश सहित यातायात टीम ने 13 दिसंबर 2025 को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान के तहत कुल 50 चालान बनाए गए तथा समन शुल्क के रूप में 24 हजार रुपये वसूले गए। दोपहिया वाहन चलाते पाए गए नाबालिगों के मामलों में उनके माता-पिता को थाने बुलाकर समझाइश दी गई एवं उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी यदि नाबालिग वाहन चलाते पाए गए तो उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा टैगोर मार्ग सहित अन्य स्थानों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, बाजारों एवं व्यस्त सड़कों पर अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात पुलिस ने बताया कि यह अभियान शहर की सभी प्रमुख और व्यस्त सड़कों पर लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।