चित्तौड़गढ़। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में जनकल्याण के अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं, जिससे प्रदेश में खुशहाली का वातावरण बना है। भाजपा ने चुनाव से पूर्व जनता से जो वादे किए थे, वे आज धरातल पर साकार हो रहे हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान जहां प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होते थे और युवा वर्ग हताश था, वहीं भजनलाल सरकार ने पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं।
विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ के प्रत्येक ग्राम में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं और प्रगतिरत कार्यों को आगामी एक वर्ष में पूर्ण किया जाएगा। यह बात विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने शनिवार को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सुशासन पखवाड़ा के अंतर्गत विधानसभा चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत सुखवाड़ा, कन्नौज, नाहरगढ़, धीरजी का खेड़ा, भालुण्डी एवं भदेसर में विकास रथ के आगमन पर आयोजित कार्यक्रमों में कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और आने वाले समय में राजस्थान विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में शामिल होगा। इससे पूर्व विधायक आक्या एवं जिलाध्यक्ष गाडरी के प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा जेसीबी से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें समारोह स्थल तक लाया गया।
सुशासन पखवाड़ा के विधानसभा संयोजक एवं पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़ ने बताया कि भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुशासन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विकास रथ द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आमजन तक पहुंचाई जा रही है। शनिवार को सुखवाड़ा, कन्नौज, नाहरगढ़, धीरजी का खेड़ा, भालुण्डी एवं भदेसर में विकास रथ पहुंचा, जबकि रविवार को धनेतकलां, घोसुण्डा, सतपुड़ा, ओडून्द एवं तुम्बड़िया ग्राम पंचायतों में यह अभियान जारी रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, भदेसर उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, तहसीलदार शिव सिंह, वृत्ताधिकारी गेवरचंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।