निवाड़ी। रामराजा दरबार में रविवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगभग 20 हजार भक्तों ने दर्शन किए। शाम तक यह आंकड़ा 50 हजार तक पहुंचने का अनुमान है।
दरअसल, नए साल के आगमन से लगभग 15 दिन पहले ही ओरछा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों से रौनक के साथ-साथ यातायात का दबाव भी बढ़ गया।
देश-विदेश जाने से पहले दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु
क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के कारण देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक ओरछा पहुंच रहे हैं। रामराजा सरकार के दरबार में दर्शन के लिए भक्तों से पूरा नगर खचाखच भरा हुआ है। बढ़ती भीड़ के कारण नगर में कई स्थानों पर यातायात जाम की समस्या भी सामने आई।
रविवार के छुट्टी के चलते निजी वाहनों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा।
भारी वाहनों की एंट्री पर लगी रोक
ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। नगर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और आवाजाही सुगम बना रहे।
तहसीलदार बोले-प्रशासन पूरी तरह सतर्क
तहसीलदार सुनील वाल्मीक ने जानकारी दी कि रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी भक्त शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।