नीमच। मालवीय बलाई समाज धर्मशाला भादवा माता की वार्षिक साधारण सभा बैठक रविवार 14 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे धर्मशाला परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ भेरूलाल गहलोत ने की।
बैठक में वर्ष 2023-25 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। धर्मशाला ट्रस्ट के स्थायी सदस्यों की सदस्यता बढ़ाने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर 2025 तय की गई, जबकि अंतिम सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर 2025 को होगा। चुनाव प्रक्रिया के लिए सर्वसम्मति से 9 सदस्यीय निर्वाचन समिति गठित की गई।
निर्णय अनुसार नामांकन व जांच 15 जनवरी 2026, चुनाव चिन्ह आवंटन 18 जनवरी तक तथा मतदान एवं मतगणना 1 फरवरी 2026 को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगी। मतदान के समय स्थायी सदस्य कार्ड व फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा। अध्यक्ष पद हेतु नामांकन जमानत राशि 11,000 रुपये तय की गई।
बैठक में मध्यप्रदेश व राजस्थान के विभिन्न जिलों से समाजजन उपस्थित रहे। अंत में धर्मशाला ट्रस्ट अध्यक्ष श्यामलाल मालवीय ने सभी उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।