नीमच। जिले के थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोकड़ी में खेत पर कार्य कर रहे एक 45 वर्षीय किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धनसिंह पिता भेरु सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनसिंह खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का जर्जर तार टूटकर खेत की जाली पर गिर गया। तार के संपर्क में आने से धनसिंह को तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में विद्युत लाइन के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इससे पूर्व भी तार टूटकर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए।

बताया गया है कि मृतक धनसिंह विकलांग था और गरीब परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
