नीमच। जिले के ग्राम रेवली देवली में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महोत्सव ने ग्रामीण अंचल में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान और प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि सही मंच और अवसर मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
सांसद गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार द्वारा गांव और स्कूल स्तर तक खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिल सके।
महोत्सव के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र के विभिन्न शासकीय स्कूलों की भागीदारी रही। शासकीय स्कूल रेवली देवली परिसर में कबड्डी, खो-खो और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जनपद अध्यक्ष शारदा देवी धनगर, मंडल अध्यक्ष पूजा शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और सभी ने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।