नीमच। बघाना क्षेत्र स्थित बालाजी इंक्लेव कॉलोनी में लंबे समय से जाम पड़े नाले की समस्या को लेकर रहवासियों में भारी आक्रोश है। कॉलोनीवासियों ने बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर नाले की तत्काल सफाई कराने और स्थायी समाधान के तहत उसके डायवर्जन की मांग की।
रहवासियों ने बताया कि बघाना क्षेत्र से होकर कॉलोनी व बालाजी मंदिर के समीप से गुजरने वाला बड़ा नाला कचरे से पूरी तरह भर चुका है। बारिश के दिनों में नाले का गंदा पानी कॉलोनी के घरों में घुस जाता है, जिससे गंभीर गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। रेलवे लाइन के पास नाले के क्षतिग्रस्त होने और आगे जलनिकासी मार्ग बंद होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नाले की सफाई केवल औपचारिकता तक सीमित है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में नाले को बालाजी मंदिर कॉर्नर से सादड़ी रोड स्थित मुख्य नाले में जोड़ने का सुझाव दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन एवं चक्काजाम जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे।