मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा में सफला एकादशी के पावन अवसर पर श्री नरसिंह मंदिर स्थित मनासा नरेश श्री खाटू श्याम जी को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सवा क्विंटल केसर दूध एवं फलाहारी प्रसाद का भोग अर्पित किया गया।
सायंकाल श्री नरसिंह भगवान, मनासा नरेश श्री खाटू श्याम जी, पश्चिममुखी हनुमान जी महाराज एवं महाकाल महाराज की भव्य महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर में दिव्य फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा दिव्य ज्योत प्रज्वलित की गई। महाभोग के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
सफला एकादशी के अवसर पर मनासा अंचल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री नरसिंह मंदिर पहुंचे और बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भक्तों का कहना है कि श्रद्धा, विश्वास और निष्कपट भाव से की गई प्रार्थना से बाबा शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
एक भक्त ने बताया कि 11 वर्षों से संतान प्राप्ति नहीं हो रही थी, लेकिन मनासा नरेश श्री खाटू श्याम जी से मन्नत करने पर उन्हें संतान सुख की प्राप्ति हुई। वहीं इंदौर से आए श्रद्धालुओं ने भी बाबा की कृपा से अपने कार्य पूर्ण होने की बात कहते हुए आभार व्यक्त किया।