नीमच। मंगलवार की सुबह नीमच जिले के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुई। जिला चिकित्सालय में एक साथ चार शवों का पोस्टमार्टम किया गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़, रोते-बिलखते लोग और पसरा सन्नाटा हर ओर शोक का माहौल नजर आया।

सोमवार रात प्राइवेट बस स्टैंड और लेवड़ा मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसों के बाद एक और दिल दहला देने वाली घटना जावद तहसील के सुआखेड़ा गांव से सामने आई। खेत से पानी देकर घर लौट रहे भेरूलाल पिता दयाराम मेघवाल (उम्र 62 वर्ष) को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पीछे से टक्कर मार दी।

यह हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। गंभीर रूप से घायल भेरूलाल को पहले नीमच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। हालांकि उदयपुर ले जाते समय डबोक के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मंगलवार सुबह भेरूलाल का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल नीमच में किया गया। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने नीमच जिले में यातायात व्यवस्था, तेज रफ्तार और लापरवाही पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
