नीमच। नाथ योगी समाज ने अपनी धार्मिक परंपराओं और सामाजिक अधिकारों के संरक्षण के लिए आज गुरु गोरखनाथ इंटरनेशनल फाउंडेशन के तत्वावधान में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन अपर कलेक्टर को प्रस्तुत किया गया और इसमें समाज ने जिले के सभी ग्रामों में समाधि स्थल के लिए भूमि आवंटन की मांग की।
समाज ने बताया कि नीमच जिले के लगभग 50 से 60 ग्रामों में नाथ योगी समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। समाज की परंपरा के अनुसार पुरुष और महिला के निधन के बाद समाधि दी जाती है, लेकिन अधिकांश ग्रामों में इसके लिए कोई पृथक भूमि उपलब्ध नहीं है। इस कारण अंतिम संस्कार के समय समाजजन कई कठिनाइयों का सामना करते हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार स्तर पर कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी इस मामले में हाल ही में मुलाकात की थी।
नाथ योगी समाज ने प्रशासन से मांग की है कि प्रत्येक उस ग्राम में, जहाँ समाज निवास करता है, स्थायी रूप से समाधि निर्माण हेतु भूमि आवंटित की जाए, ताकि धार्मिक परंपराओं का सम्मान और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो भविष्य में किसी मृतक का शव कलेक्टर कार्यालय पर लाया जाएगा।