जावरा। विधानसभा अंतर्गत सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय असावती, रिंगनोद, पिपलियाजोधा, शासकीय हाई स्कूल गोंदीधर्मंसी, कलालिया एवं रोजाना में संपन्न हुईं।
इन प्रतियोगिताओं में कक्षा 8 से 12 तक के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के बालक-बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव के अंतर्गत खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, सितौलिया एवं मैराथन रैली का आयोजन किया गया। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय असावती में आयोजित समापन समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता ने विजेता एवं सहभागिता करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व विभिन्न संकुलों में प्रतियोगिता का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। रिंगनोद में विधायक प्रतिनिधि प्रांजल पाण्डेय, कलालिया में जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, तथा पिपलियाजोधा में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष मांगीलाल पांचाल, राजेंद्र सिंह देवड़ा, सहायक संचालक ज्योति पटेल, तहसीलदार पारस वैश्य, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक चरण सिंह चंद्रावत सहित सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद खेल महोत्सव को सफल बनाने में सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं खेल शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 दिसंबर को जावरा में किया जाएगा, जिसमें जावरा एवं पिपलौदा क्षेत्र की संकुल स्तर से चयनित विजेता टीमें भाग लेंगी।