नीमच। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला नीमच के तत्वावधान में विजय दिवस के अवसर पर शहीद पार्क में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 1971 के भारत-पाक युद्ध में मिली ऐतिहासिक विजय और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।
समारोह की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और त्याग के कारण ही 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को पराजय झेलनी पड़ी और 93 हजार से अधिक सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया।
मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित अन्य अतिथियों ने विजय दिवस को देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर वीर नारियों एवं 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले वरिष्ठ पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन परिषद के जिला अध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने किया। समारोह में एनसीसी, स्काउट कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।