BREAKING NEWS
KHABAR : बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी, मानसून से.. <<     KHABAR : नीमच में निकला लखेरा समाज का भव्य चल.. <<     NEWS : एसपी बोले- स्वस्थ-शरीर और स्वस्थ-मन.. <<     कसरावद में 4 साल से बंद नल-जल योजना आखिरकार हुई.. <<     वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन देने के.. <<     KHABAR : नीमच की कृति संस्था के सात दिवसीय शिविर का.. <<     राजगढ़ के तेजाजी मंदिर में शिव महापुराण की.. <<     KHABAR : झिरन्या के फूल सिंह फाल्या में चार साल बाद.. <<     खरगोन में कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग का.. <<     VIDEO NEWS: कंजार्डा पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रैक्टर.. <<     VIDEO NEWS: भूमिया सरकार के दिव्य दरबार में उमड़ रही.. <<     KHABAR : शिवना शुद्धिकरण अभियान का 128वां दिन,.. <<     वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन देने के.. <<     KHABAR : हर घर वाटर हार्वेस्टिंग का संकल्प, जल.. <<     KHABAR : कांग्रेस सोशल मीडिया वॉरियर्स प्रतिभा.. <<     KHABAR : देवास में गूंजे शास्त्रीय संगीत के सुर,.. <<     BIG NEWS : राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का मिशन.. <<     मुरैना में पहल परिवार का कार्डियक अवेयरनेस.. <<     वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन देने के.. <<     KHABAR : युवा पंडित आनंद तिवारी द्वारा कथा श्रवण.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
December 16, 2025, 4:46 pm
BIG NEWS : नीमच में मौतों का सिलसिला, शोक में डूबा जिला, एक साथ चार पोस्टमार्टम, सड़क हादसे और आत्महत्या ने छीनी कई जिंदगियां, उधर आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, पढ़े खबर 

Share On:-

नीमच। मंगलवार की सुबह नीमच जिले के लिए बेहद पीड़ादायक रही। जिला चिकित्सालय का पोस्टमार्टम कक्ष एक साथ चार शवों की अंतिम प्रक्रिया का साक्षी बना। अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते परिजन, गमगीन चेहरे और पसरा सन्नाटा इस बात की गवाही दे रहा था कि सोमवार की शाम और रात नीमच के लिए कितनी भारी साबित हुई। सड़क हादसों, लापरवाही और एक आत्मघाती कदम ने मिलकर कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।

जावद क्षेत्र में सड़क हादसा, बुजुर्ग की मौत-
जावद तहसील के सुवाखेड़ा गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई। खेत में पानी देकर घर लौट रहे भेरूलाल पिता दयाराम मेघवाल (उम्र 62 वर्ष) को सोमवार शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल भेरूलाल को पहले नीमच के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। लेकिन उदयपुर ले जाते समय डबोक के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम किया गया। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

यादव मंडी क्षेत्र में महिला ने किया जहर सेवन-
नीमच शहर के यादव मंडी क्षेत्र में 40 वर्षीय महिला भावना पति धर्मेंद्र यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास का सेवन कर लिया। सोमवार शाम तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उदयपुर रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही भावना की मौत हो गई। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। बताया गया है कि मृतका का मायका जावरा में है।

बस स्टैंड और लेवड़ा मार्ग पर दो और मौतें-
सोमवार की शाम नीमच के लिए मनहूस साबित हुई, जब अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई। पहला हादसा कैंट थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर हुआ। नागदा जाने वाली बस (क्रमांक एआर-01-एल-5376) ने एक बुजुर्ग मजदूर को कुचल दिया। मृतक की पहचान सीताराम पिता भोनीराम नायक (उम्र 62 वर्ष) निवासी खड़ावदा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची, बस को जब्त कर शव को जिला अस्पताल भेजा गया।
दूसरा हादसा बघाना थाना क्षेत्र में होटल राज पैलेस से लेवड़ा मार्ग पर हुआ, जहां पिकअप वाहन और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार सुरेंद्र सिंह पिता लक्ष्मण सिंह (उम्र 30 वर्ष) निवासी अमावली महल की मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह हम्माली का काम कर घर लौट रहे थे। उनके तीन छोटी बेटियां हैं। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

नयागांव में हत्या के आरोप को लेकर चक्काजाम-
इसी बीच नयागांव क्षेत्र में एक और मामला सामने आया, जहां सरवानिया महाराज निवासी कालूलाल पिता ओंकारलाल का शव एमपी-राजस्थान बॉर्डर पर गादोला गांव के पास खेत में मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नयागांव मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते मऊ-नसीराबाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया है कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सवालों के घेरे में यातायात व्यवस्था-
लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर नीमच जिले में तेज रफ्तार, लापरवाही और कमजोर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही दिन में चार मौतें और अलग-अलग हादसों ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठे हैं।

 

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE