नयागांव। ग्राम सरवानिया मसानी निवासी कालूलाल धाकड़ पिता ओंकारलाल की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हत्या की आशंका जताते हुए आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नयागांव फोरलेन (जावद चौराहा) पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले चक्काजाम के कारण फोरलेन पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार 13 दिसंबर को कालूलाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट नयागांव चौकी में दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को उसका शव मध्यप्रदेश-राजस्थान बॉर्डर पर राजस्थान के गादोला गांव के पास एक खेत में मिला। बताया गया है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे राजस्थान पुलिस अपने साथ ले गई। परिजनों ने सूदखोरी से जुड़े दबाव के चलते हत्या की आशंका जताई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद नयागांव पुलिस करीब दो घंटे देरी से मौके पर पहुंची। इसी से नाराज परिजन और ग्रामीण शव को वाहन में रखकर नयागांव फोरलेन पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध मादक पदार्थों के मामलों में पुलिस तुरंत राजस्थान पहुंच जाती है, लेकिन गुमशुदगी और सुसाइड नोट में नाम सामने आने के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं की जा रही।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एडीएम, जावद एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी जावद, टीआई जावद सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। किसान नेता राजकुमार अहीर भी मौके पर आए और अधिकारियों से चर्चा की। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
इसके बाद शव को नगर परिषद नयागांव की एंबुलेंस से राजस्थान के निम्बाहेड़ा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस संबंध में नयागांव चौकी प्रभारी मंगलसिंह राठौर ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। मामले की जांच जारी है।