प्रतापगढ़। राजस्थान सरकार के सफल दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित “विकास रथ” मंगलवार को प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सुहागपुरा मंडल के विभिन्न गांवों में पहुँचा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने बताया कि विकास रथ के आगमन पर केरवास, आमली खेड़ा, मनोहरगढ़, लोहारिया, अचलपुर, बड़ी लांक एवं करमदी खेड़ा गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और ग्रामीणजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं क्षेत्रीय विधायक व राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान सुशासन व्यवस्था से उन्हें कई सुविधाएं मिली हैं। किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय नियमित बिजली उपलब्ध हो रही है, जिससे कृषि कार्यों में सुविधा बढ़ी है। साथ ही, विभिन्न योजनाओं का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पहुँच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।
धाभाई ने बताया कि विकास रथ में शिकायत एवं सुझाव पेटी भी रखी गई है, जिसमें आमजन अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कर सकते हैं। इसका उद्देश्य जनता की बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुँचाना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि विकास रथ प्रतिदिन जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री रवि जोशी के मार्गदर्शन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पहुँच रहा है, जिससे सरकार की जनहितैषी नीतियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।